रोहिणी सेक्टर 24 में दिन-दहाड़े महिला पर चाकू से हमला
नई दिल्ली
बाहरी दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-24 स्थित एक फिजियोथेरेपी व वेलनेस सेंटर में सोमवार सुबह सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां सेंटर संचालिका पर उसके जीजा ने महिला का भेष बनाकर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है। आरोपी सलवार-सूट पहनकर और विग लगाकर सेंटर में दाखिल हुआ ताकि पहचान से बच सके। मौका मिलते ही उसने संचालिका के गले पर चाकू से वार कर दिया। हमले के बाद आरोपी सेंटर की ऊपरी मंजिल पर पहुंच गया और कपड़े बदलकर छतों के रास्ते फरार होने की कोशिश करने लगा।
घायल युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग सक्रिय हो गए। स्थानीय निवासियों ने पीछा कर आरोपी को एक मकान की छत से दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान नजफगढ़ निवासी जय यादव के रूप में हुई है। वहीं पीड़िता 27 वर्षीय दिव्या है, जो कंझावला के उत्सव विहार इलाके में अपने परिवार के साथ रहती है और पिछले दो वर्षों से रोहिणी में वेलनेस सेंटर चला रही है।
घरेलू विवाद बना हमले की वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी का अपनी पत्नी से घरेलू विवाद चल रहा है और तलाक का मामला अदालत में विचाराधीन है। पीड़िता अपनी बहन का साथ दे रही थी, जिससे आरोपी नाराज था। परिवार का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते उसने सुनियोजित तरीके से हमला किया।
छतों से भागने की कोशिश नाकाम
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी तीन-चार मकानों की छतों से होता हुआ भागने लगा और करीब आठ फुट नीचे कूद गया। हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता से वह बच नहीं सका। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बैग, महिलाओं के कपड़े और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया है। बुध विहार थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। आरोपी से पूछताछ जारी है।
Comment / Reply From
You May Also Like
Popular Posts
Newsletter
Subscribe to our mailing list to get the new updates!