Dark Mode
  • Sunday, 03 May 2026
पश्चिम बंगाल के 15 बूथ पर दोबारा वोटिंग

पश्चिम बंगाल के 15 बूथ पर दोबारा वोटिंग

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के तहत दो चरणों में मतदान पूरा हो चुका है, लेकिन कुछ स्थानों से मिली शिकायतों के बाद भारतीय निर्वाचन आयोग ने पुनर्मतदान कराने का फैसला लिया है। आयोग के मुताबिक, 2 मई 2026 (शनिवार) को मग्राहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के 11 और डायमंड हार्बर क्षेत्र के 4 मतदान केंद्रों पर फिर से वोटिंग कराई जाएगी। इन सभी बूथों पर मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। निर्वाचन आयोग ने यह कदम रिटर्निंग अधिकारियों और पर्यवेक्षकों द्वारा भेजी गई रिपोर्टों के आधार पर उठाया है। आयोग ने स्पष्ट किया कि 29 अप्रैल को इन बूथों पर हुए मतदान को रद्द कर दिया गया है और जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58(2) के तहत पुनर्मतदान का आदेश दिया गया है। साथ ही यह निर्देश भी दिए गए हैं कि मतदाताओं को ढोल बजाकर इसकी जानकारी दी जाए और सभी उम्मीदवारों को लिखित रूप में सूचित किया जाए। वहीं दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने EVM स्ट्रॉन्ग रूम और उसके आसपास लगे CCTV कैमरों में कथित गड़बड़ियों को लेकर चिंता जताई है। पार्टी ने इस संबंध में निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर उचित कार्रवाई की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि कदम नहीं उठाए गए तो विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल सहित पांच राज्यों में मतगणना 4 मई 2026 को की जाएगी।

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!